निलंबित BSA के खिलाफ भ्रष्टाचार जांच ठप.. गोंडा में 49 दिन बाद भी गिरफ्तारी नहीं, सीओ सिटी बोले– शिक्षा विभाग नहीं कर रहा सहयोग

निलंबित BSA के खिलाफ भ्रष्टाचार जांच ठप

गोंडा में 49 दिन बाद भी गिरफ्तारी नहीं, सीओ सिटी बोले– शिक्षा विभाग नहीं कर रहा सहयोग

गोंडा जिले में परिषदीय विद्यालयों में डेस्क–बेंच आपूर्ति के लिए चयनित फर्म से 2.25 करोड़ रुपये कमीशन मांगने के मामले की जांच फिलहाल ठंडे बस्ते में पड़ी नजर आ रही है। इस प्रकरण में निलंबित जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) अतुल कुमार तिवारी सहित तीन लोगों के खिलाफ नगर कोतवाली में एफआईआर दर्ज की गई थी।
(निलंबित बीएससी अतुल कुमार तिवारी)

करीब 49 दिनों से सीओ सिटी आनंद राय इस मामले की जांच कर रहे हैं, लेकिन अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि शिक्षा विभाग जांच में सहयोग नहीं कर रहा है। टेंडर प्रक्रिया से संबंधित फाइलें उपलब्ध कराने के लिए विभाग को कई बार नोटिस भेजे गए, लेकिन अब तक आवश्यक दस्तावेज नहीं मिले हैं।

कोर्ट से नहीं मिली कोई राहत

निलंबित BSA अतुल कुमार तिवारी ने लखनऊ हाईकोर्ट में निलंबन को चुनौती दी थी, जिसे कोर्ट ने खारिज कर दिया। वहीं, एंटी करप्शन कोर्ट गोरखपुर से उनकी अग्रिम जमानत याचिका भी निरस्त हो चुकी है। इसी मामले में सह-आरोपी जिला समन्वयक प्रेम शंकर मिश्रा की अग्रिम जमानत याचिका भी इलाहाबाद हाईकोर्ट ने खारिज कर दी है।

वादी ने जताई नाराजगी

मामले के वादी मनोज कुमार पांडे ने आरोप लगाया कि पुलिस अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर पाई है, जबकि शासन स्तर पर कार्रवाई हो चुकी है। उन्होंने कहा कि सभी साक्ष्य और बयान पुलिस को सौंपे जा चुके हैं। उनका आरोप है कि शिक्षा विभाग जानबूझकर सहयोग नहीं कर रहा, क्योंकि विभाग के ही अधिकारी और कर्मचारी इसमें शामिल हैं।

पुलिस का पक्ष

सीओ सिटी आनंद राय ने बताया कि जांच जारी है और शिक्षा विभाग को कई बार नोटिस भेजे गए हैं, लेकिन आवश्यक कागजात उपलब्ध नहीं कराए गए। एक बार फिर विभाग को पत्र भेजा गया है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी कर न्यायालय में रिपोर्ट दाखिल की जाएगी।

Comments

Popular posts from this blog

पहलगाम आतंकी हमले की दास्तान अमरेंद्र कुमार सिंह जी की जुबानी

मीना मंच सुगमकर्ताओं की दो दिवसीय कार्यशाला का हुआ समापन, खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा प्रमाण पत्र किए गए वितरित

ऑपरेशन सिंदूर से बौखलाया पाकिस्तान; पूंछ में निर्दोष नागरिकों से ले रहा बदला, 15 की मौत