राज्यपाल ने नानपारा मार्ग चौड़ीकरण को दी प्रशासनिक स्वीकृति,विधायक के पत्र पर 3.31 करोड़ का बजट जारी

उत्तर प्रदेश के राज्यपाल ने जनपद बहराइच के नानपारा शहरी भाग मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य के लिए प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस परियोजना के लिए कुल 3 करोड़ 31 लाख 81 हजार रुपए की धनराशि स्वीकृत की गई है।
बताया जाता है कि नानपारा विधायक रामनिवास वर्मा ने 25 दिसंबर 2024 को प्रमुख सचिव, लोक निर्माण विभाग को पत्र लिखकर मार्ग के चौड़ीकरण की मांग की थी। इसके बाद गोंडा के मुख्य अभियंता ने 17 दिसंबर 2024 को लोक निर्माण विभाग मुख्यालय को लगभग 3 करोड़ 08 लाख 24 हजार रुपए की प्रारंभिक लागत का प्रस्ताव भेजा था, जिस पर अब अंतिम स्वीकृति प्रदान की गई है।
नानपारा शहरी भाग मार्ग की कुल लंबाई 5.00 किलोमीटर है। इसमें से 3.310 किलोमीटर हिस्सा पहले से 7 मीटर चौड़ा है, जबकि शेष 1.690 किलोमीटर भाग संकरा होने के कारण यहां यातायात का भारी दबाव बना रहता है। संकरे मार्ग के चलते आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं, जिससे स्थानीय लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
यह मार्ग नानपारा विधानसभा क्षेत्र 283 में स्थित है। यह क्षेत्र भारत सरकार के ‘एस्पिरेशनल डिस्ट्रिक्ट्स कार्यक्रम’ में शामिल उत्तर प्रदेश के आठ जिलों में से एक बहराइच जनपद के अंतर्गत आता है। क्षेत्र पिछड़ा एवं बाढ़प्रभावित होने के साथ-साथ नेपाल सीमा से सटा हुआ है, जिससे इस मार्ग का सामरिक एवं व्यावसायिक महत्व भी बढ़ जाता है।
पूर्व में यह मार्ग राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अधीन था, लेकिन बाईपास निर्माण के बाद इसे लोक निर्माण विभाग, बहराइच के अंतर्गत अन्य जिला मार्ग के रूप में हस्तांतरित कर दिया गया।
चालू वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए राज्य सड़क निधि से 32 लाख 39 हजार रुपए की वित्तीय स्वीकृति भी जारी की गई है। मार्ग के चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण कार्य से क्षेत्रवासियों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी तथा दुर्घटनाओं में कमी आने की उम्मीद है।

Comments

Popular posts from this blog

पहलगाम आतंकी हमले की दास्तान अमरेंद्र कुमार सिंह जी की जुबानी

मीना मंच सुगमकर्ताओं की दो दिवसीय कार्यशाला का हुआ समापन, खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा प्रमाण पत्र किए गए वितरित

ऑपरेशन सिंदूर से बौखलाया पाकिस्तान; पूंछ में निर्दोष नागरिकों से ले रहा बदला, 15 की मौत