डिप्टी सीएम के जिस हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग हुई वह था 18 साल पुराना, 03 साल से मरम्मत भी नहीं हुई बाल बाल बचे
डिप्टी सीएम केशव मौर्य के जिस हेलिकॉप्टर की 7 मार्च को लखनऊ एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग हुई, वह 18 साल पुराना है। यही नहीं, उसकी 3 साल से मरम्मत भी नहीं हुई है। नागरिक उड्डयन विभाग के अफसरों ने यह जानकारी दी।
दरअसल, 8 सालों में केशव मौर्य के हेलिकॉप्टर की चौथी बार इमरजेंसी लैंडिंग हुई। इसके चलते सवाल उठने लगे थे कि हेलिकॉप्टर की आखिरी बार तकनीकी जांच कब हुई थी? उड़ान भरने से पहले तकनीकी दिक्कत क्यों पकड़ में नहीं आई?
अफसरों ने बताया- केशव मौर्य का हेलिकॉप्टर बेल 412 EP नागरिक उड्डयन विभाग के बेड़े में शामिल सबसे पुराने हेलिकॉप्टरों में से एक है। 2008 में सिंगापुर की बेल हेलिकॉप्टर टेक्सट्रॉन से खरीदा गया था। इसकी मरम्मत और ओवरहॉलिंग के काम 2023 में किए गए थे।
तब 2 मेन रोटर ब्लेड पार्ट बदले गए थे। इस पर 99 लाख 99 हजार 528 रुपए का खर्चा आया था। इसके बाद इस हेलिकॉप्टर की मरम्मत होने की कोई जानकारी नहीं है।
अखिलेश यादव ने 7 मार्च को सपा कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उनसे इमरजेंसी लैंडिंग को लेकर भी सवाल किया गया। उन्होंने जवाब दिया- लगता है केशव मौर्य को नया वाला हेलिकॉप्टर नहीं मिला। यूपी में नया हेलिकॉप्टर किसके लिए खरीदा गया है? सामने आया कि यूपी की राज्य सरकार ने हाल में एक आधुनिक हेलिकॉप्टर अगस्ता AW 139 खरीदा है।
इसकी कीमत 120 से 130 करोड़ के बीच बताई जा रही है। यह हेलिकॉप्टर इटली की मेसर्स लियोनार्डो से खरीदा गया था। फिलहाल इसमें CM योगी आदित्यनाथ और दूसरे VVIP मेहमान उड़ान भर रहे हैं। यह दुनिया के सबसे सुरक्षित हेलिकॉप्टरों में से एक माना जाता है।
Comments
Post a Comment