बिजनौर में सरकारी आदेशों की अवहेलना और सील तोड़कर अवैध रूप से आरा मशीन चलाने पर लेखपाल निलंबित
बिजनौर, उत्तर प्रदेश:
बिजनौर में प्रशासन ने सरकारी आदेशों की अवहेलना और सील तोड़कर अवैध रूप से आरा मशीन चलाने के मामले में सख्त कार्रवाई की है। जिलाधिकारी जसजीत कौर के निर्देश पर एक लेखपाल को निलंबित कर दिया गया है, जबकि पांच लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, 15 नवंबर 2025 को जानी चौराहा स्थित दिलावर एंड सन्स आरा मशीन को राजस्व और वन विभाग की संयुक्त टीम ने पुलिस की मौजूदगी में सील किया था। इसके बावजूद संबंधित लोगों ने बिना अनुमति सील तोड़कर मशीन का संचालन फिर से शुरू कर दिया।
इस मामले में लापरवाही बरतने और समय पर उच्च अधिकारियों को सूचना न देने पर क्षेत्रीय लेखपाल रजत चौधरी को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। साथ ही विभागीय जांच के लिए तहसीलदार को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है।
प्रशासन ने कानूनगो और नायब तहसीलदार को भी कारण बताओ नोटिस जारी किया है। वहीं, अवैध गतिविधि में शामिल पांच आरोपियों के खिलाफ कोतवाली शहर थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं।
Comments
Post a Comment